कन्नौज सपा नेता नवाब सिंह यादव और नीलू यादव की 5.25 करोड़ की 11 संपत्तियां कुर्क

कन्नौज सपा नेता नवाब सिंह यादव और नीलू यादव की 5.25 करोड़ की 11 संपत्तियां कुर्क
रीना वर्मा

कन्नौज। जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बांदा जेल में निरुद्ध सपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव तथा उसके भाई नीलू यादव के कथित गैंग से जुड़ी 5 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की 11 संपत्तियां कुर्क कर लीं। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत एम्बुलेंस गैंग के खिलाफ की गई। अभियान का नेतृत्व एडीएम नंदिनी राय और डिप्टी एसपी शिल्पा वर्मा ने किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई संपन्न कराई गई।
प्रशासन के अनुसार, कंदौली बाग, गदनपुर बंबा और गौरी शंकर मंदिर क्षेत्र के आसपास स्थित तीन आवासीय भवन और आठ कृषि भूमि को कुर्क किया गया। अधिकारियों का दावा है कि ये संपत्तियां आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई थीं, जिसके आधार पर इन्हें जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस की मौजूदगी में संपत्तियों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किए गए तथा मुनादी कराकर स्थानीय लोगों को प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन के मुताबिक, नवाब सिंह यादव वर्तमान में बांदा जिला जेल में निरुद्ध हैं, जबकि नीलू यादव कौशांबी जिला जेल में बंद है। दोनों के खिलाफ विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में कार्रवाई चल रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की कार्रवाई के बाद अब तक नवाब सिंह यादव और नीलू यादव से जुड़ी लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *