निजामाबाद के विकास को लेकर चौथे दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना
आजमगढ़। निजामाबाद कस्बे के समग्र विकास और प्रमुख सड़क परियोजनाओं की मांग को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। शेरपुर तिराहा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास आयोजित धरने में विभिन्न गांवों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे अरुण कुमार मिश्र ने कहा कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक पहचान रखने वाला निजामाबाद वर्षों से विकास की उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारों और जनप्रतिनिधियों ने कई वादे किए, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं हुए।
धरनारत लोगों ने मांग की कि केटीएम रोड को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाए, जनपद मुख्यालय से जोड़ने वाले भदुली-निजामाबाद मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाए तथा परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जाए, जिससे क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और ब्लैक पॉटरी उद्योग को लाभ मिल सके।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा दोहराते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया।
