14 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, प्रताड़ना से तंग आकर उठाया था आत्मघाती कदम

14 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, प्रताड़ना से तंग आकर उठाया था आत्मघाती कदम

आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी पर लगातार मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित पिता ने रौनापार थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब चार माह पहले उनकी नाबालिग पुत्री को लक्की राना पुत्र करन निवासी बेलकुण्डा रसूलपुर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में पहले बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसमें तय हुआ कि आरोपी बालिका को सुरक्षित अपने घर रखेगा और उसके बालिग होने पर विवाह करेगा।

आरोप है कि इसके बाद लक्की राना, करन, काजल, हिना और सुरेश द्वारा किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसे अपमानित करते हुए कहा जाता था कि “मर जाती तो अच्छा रहता।” इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 19 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

वादी की तहरीर पर थाना रौनापार में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी लक्की राना कल्याणपुर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे आरोपी लक्की राना उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *