बहुजन समाज पार्टी के महासचिव अतिकुर रहमान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर जिलाधिकारी से लगाई गुहार, शीघ्र कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चकसिक्ठी (इस्लामपुरा) में पिछले कई दिनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव के लोगों ने बहुजन समाज पार्टी के मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के महासचिव अतिकुर रहमान के नेतृत्व में जिलाधिकारी आजमगढ़ से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की लगभग आठ हजार की आबादी के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत करीब छह लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी और सरकारी ट्यूबवेल की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वर्ष 2022 से हर घर जल योजना के तहत गांव में पानी की आपूर्ति शुरू हुई थी, लेकिन पाइप लाइनों में लगातार हो रहे लीकेज के कारण कई बार नालियों का गंदा पानी सप्लाई के साथ घरों तक पहुंच जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के महासचिव अतिकुर रहमान ने कहा कि भीषण गर्मी में पांच दिनों से ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोग व्यापक जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
