मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की पीस कमेटी बैठक
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिऔध कला केन्द्र में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ धर्मगुरु, ताजियादार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मोहर्रम के जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा यातायात प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।
