मोदी सरकार के 12 साल: विकास, विश्वास और जनकल्याण की यात्रा पर बोले मंत्री अनिल राजभर
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सरकार की सेवा भावना ने भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
मंत्री ने बताया कि मोदी सरकार ने जनधन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तथा डीबीटी के जरिए लाखों करोड़ रुपये की बचत हुई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। देश में वंदे भारत ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन योजना, भारतनेट और सौभाग्य योजना जैसी परियोजनाओं ने विकास को नई गति दी है।
अनिल राजभर ने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और जी-20 की सफल अध्यक्षता, योग दिवस तथा वैक्सीन मैत्री जैसे प्रयासों से देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर तथा पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
