पुलिस को बड़ी सफलता: 26.9 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के थाना बिलरियागंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 26 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो वाहन भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही चेकिंग के दौरान 25 मई 2026 को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऑटो से अंजान शहीद की तरफ से गुलवा गौरी नहर मार्ग होते हुए गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छिछोरी नहर ट्यूबेल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपनी पहचान अमरजीत पाण्डेय निवासी गोपालगंज, बिहार तथा हरेन्द्र कुशवाहा निवासी कुशीनगर के रूप में बताई। क्षेत्राधिकारी सगड़ी की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान अमरजीत के पास से 16 किलो 515 ग्राम और हरेन्द्र के पास से 10 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर 26 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे। मामले में थाना बिलरियागंज पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 बटा 20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
