29वीं अन्तरजनपदीय वाराणसी जोन जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का एसएसपी ने किया शुभारम्भ, प्रतियोगिता में कुल 114 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा शनिवार को 29वीं अन्तरजनपदीय वाराणसी जोन जूडो क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का विधिवत शुभारम्भ किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देशन में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 17 मई से 19 मई 2026 तक आजमगढ़ में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में जूडो, वुशु, ताईक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, भदोही, जौनपुर, चंदौली एवं गाजीपुर सहित कुल सात जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता में कुल 114 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 95 पुरुष एवं 19 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। जनपदवार प्रतिभागियों में आजमगढ़ से 17 पुरुष एवं 11 महिला खिलाड़ी, मऊ से 12 पुरुष, बलिया से 5 पुरुष, भदोही से 18 पुरुष, जौनपुर से 19 पुरुष एवं 8 महिला खिलाड़ी, चंदौली से 10 पुरुष तथा गाजीपुर से 14 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, पुलिस अधिकारी प्रेमशुख दरिया, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, टीम मैनेजर, निर्णायकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
