सपा कार्यालय पर प्रेस वार्ता में अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
कन्नौज। सोमवार को नसिरापुर स्थित सपा कार्यालय मे प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में ‘पीडीए’ पिछड़ा दलित, अल्पसंख्यक के नाम पर बड़े पैमाने पर धांधली और घोटाला किया जा रहा है, जिसे उन्होंने गरीब और वंचित समाज के साथ एक बड़ा धोखा करार दिया उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी और महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने के बजाय केवल चहेतों को रेवड़ियों की तरह बांटा जा रहा है। इस बंदरबांट के कारण सीधे तौर पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग का आर्थिक और सामाजिक शोषण हो रहा है। उन्होंने पत्रकारों के सामने इस कथित घोटाले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए और दावा किया कि नियमों को ताक पर रखकर व्यापक स्तर पर अनियमितताएं बरती गई हैं। कलीम खान ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है उन्होंने दावा किया कि कन्नौज की विधानसभाओं में नियमों को दरकिनार कर करीब 5,200 फर्जी वोट बढ़ाए गए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह अन्य राज्यों में फर्जी वोटों के आधार पर सत्ता हासिल करने के प्रयास किए गए, वैसा ही खेल उत्तर प्रदेश और कन्नौज में भी खेलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि पीडीए के जागरूक लोग भाजपा के इन मंसूबों को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने देंगे।सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी कलीम खान ने जिला प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस फर्जीवाड़े और घोटाले के दोषियों पर जल्द से जल्द सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने और उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हर स्तर पर जनता के हक की आवाज को मजबूती से बुलंद कर रही है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठेगी और इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस दौरान पार्टी एकजुट नजर आई और सभी ने इस लड़ाई को मिलकर लड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पीपी सिंह बघेल विधानसभा अध्यक्ष हसीब हसन प्रदेश उपाध्यक्ष, सयुस विवेक पाल कुलदीप यादव सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
