रेस्टोरेंट में बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाने से हुई मौत के प्रकरण में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
वादी द्वारा थाना कोतवाली पर दी गई तहरीर में अवगत कराया गया कि उनकी बहन को एक युवक द्वारा पूर्व से लगातार परेशान किया जा रहा था। दिनांक 19 मार्च 2026 को अभियुक्त द्वारा योजनाबद्ध तरीके से एक परिचित के माध्यम से पीड़िता को शहर क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में बुलाया गया, जहाँ उसके साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ एवं मारपीट की गई। विरोध करने पर अभियुक्त द्वारा जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे पीड़िता की स्थिति गंभीर हो गई। सूचना पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान पीड़िता की मृत्यु हो गई।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
उप निरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह मय पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई। 20 मार्च को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त राहुल चौहान पुत्र हरेन्द्र चौहान निवासी थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 25 वर्ष को प्राइवेट बस स्टैंड के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था, किन्तु पुलिस टीम की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पीड़िता को पूर्व से जानता था। आपसी विवाद के दौरान उसके द्वारा मारपीट की गई, जिससे स्थिति बिगड़ गई और पीड़िता द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया गया। घटना के बाद अभियुक्त घबराकर मौके से फरार हो गया।
