जिला अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर व सुरक्षाकर्मियों पर एक्स-रे की मांग पर बुजुर्ग महिला व बेटे से मारपीट का आरोप, एसआईसी ने गठित की जांच टीम
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को चिकित्सक व सुरक्षाकर्मियों पर एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी 85 वर्षीय बुजुर्ग मां और उसके साथ मारपीट की। इसमें उसकी बुजुर्ग मां को भी चोट लगी। बेटे का आरोप है कि उसने सिर्फ मां के हाथ का एक्स-रे कराने की बात कही इसी को लेकर चिकित्सक और सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट की। करीब दो घंटा तक हंगामे जैसे स्थिति बनी रही। वहीं, एसआईसी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
सिधारी थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह परिहार, जो खुद को कर्णी सेना भारत के पूर्वांचल अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी 85 वर्षीय मां सावित्री देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। सुबह के समय उनकी मां एक दुर्घटना में घायल हो गई थीं, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई थी। देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी मां को लेकर जिला अस्पताल के कमरा नंबर 26 में डॉक्टर विनोद को दिखाने पहुंचे। उनका आरोप है कि चिकित्सक ने मरीज को ठीक से देखे बिना ही प्लास्टर कराने के लिए भेज दिया। इस पर उन्होंने डॉक्टर से कहा कि पहले एक्स-रे कराकर जांच कर ली जाए, उसके बाद ही प्लास्टर किया जाए। पीड़ित का आरोप है कि इतना सुनते ही डॉक्टर भड़क गए और उन्हें वहां से भगा देने की बात कहने लगे। जब उन्होंने कहा कि आप इमरजेंसी के डॉक्टर हैं तो मरीज को क्यों भगा रहे हैं, तभी डॉक्टर ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी भी आ गए और उन्होंने भी मारपीट शुरू कर दी। देवेंद्र सिंह का कहना है कि इस दौरान उनकी 85 वर्षीय मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उनका हाथ मोड़ दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
