धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले संतोष मिश्रा, ‘जो काम नहीं करे उसे मंत्रिमंडल से हटाया जाए’

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले संतोष मिश्रा, ‘जो काम नहीं करे उसे मंत्रिमंडल से हटाया जाए’

आजमगढ़। अतुल्य भारत सर्व समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्रा ‘राजा साहब’ ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार से मंत्रिमंडल में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कोई मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है या अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहा है, तो उसे मंत्रिमंडल से हटाकर योग्य और युवाओं को अवसर दिया जाना चाहिए, ताकि देश के विकास को गति मिल सके।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पाता, उसे पद पर बने रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए जो लापरवाही बरत रहे हैं या जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं।

संतोष मिश्रा ने कहा कि जब मंत्री अपने दायित्वों का सही ढंग से पालन नहीं करते, तो आम जनता को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उनका कहना था कि लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है, जब जनता संतुष्ट और खुशहाल रहे। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मंत्रिमंडल के कार्यों की निष्पक्ष समीक्षा और जांच कराने की भी मांग की।

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और बड़ी संख्या में युवा संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में पूर्वांचल की राजनीति में इसका प्रभाव दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ और जौनपुर सहित पूरे पूर्वांचल में पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं का समर्थन मिलने से पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जुड़ने, संगठन को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *