57वें रामलीला महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब,अहिल्या उद्धार और ताड़का वध ने दर्शकों का मन मोह लिया

57वें रामलीला महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब,अहिल्या उद्धार और ताड़का वध ने दर्शकों का मन मोह लिया

ठठिया संवाददाता। श्री रामलीला समिति दौलतपुर के सौजन्य से आयोजित 57वें वार्षिकोत्सव में रविवार को रामलीला का भव्य मंचन किया गया। चित्रकूट रामलीला मंडल के विख्यात कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम शुरू हुए मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंचे।
रामलीला में कलाकारों ने मुनी आगमन, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों के सजीव अभिनय और संवादों ने रामलीला में जान डाल दी। ताड़का वध के प्रसंग पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए, वहीं अहिल्या उद्धार के मंचन ने लोगों को भावविभोर कर दिया। पुष्प वाटिका के प्रसंग में कलाकारों की प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
रामलीला के दौरान समिति की ओर से दर्शकों के बैठने और अन्य व्यवस्थाओं का इंतजाम किया गया। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर रामलीला समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *