कलश सजाओ प्रतियोगिता में 150 नन्हे कलाकारों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
कन्नौज। शारदीय नवरात्र के दौरान सन्मार्ग दुर्गा पंडाल में मंगलवार को भक्ति के साथ बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा भी देखने को मिली। आयोजित कलश सजाओ प्रतियोगिता में शहर के 150 से अधिक स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने कलशों पर रंगों और आकर्षक डिजाइनों के जरिए अपनी कल्पनाशीलता को उकेरकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। पंडाल में आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने विधि-विधान से पूजन कराया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद दिनभर पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
शाम होते ही आरती के समय पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। घंटा-घड़ियाल की गूंज और माता के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सन्मार्ग पंडाल में नवरात्र के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलश सजाओ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
