आजमगढ़: भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने ग्राम प्रधानों को दिलाई पार्टी की सदस्यता, 2027 में गोपालपुर में कमल खिलाने का दावा
आजमगढ़। जिले में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।
जयनाथ सिंह ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता कमल खिलाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान, लोगों के लिए विश्वविद्यालय की व्यवस्था और क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
जयनाथ सिंह ने बताया कि इन्हीं उद्देश्यों को लेकर उन्होंने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में नए कार्यालय का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुना जाएगा और जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें आगामी चुनाव में मौका देती है तो वह जनता की उम्मीदों और विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा से जुड़ने वाले ग्राम प्रधानों और समर्थकों का स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
