मेड़ काटने के विवाद में महिला को बेरहमी से पीटा, बाल पकड़कर खेत में घसीटा
लात-घूंसों से पीटकर जमीन पर गिराया, आरोपी के महिला के ऊपर बैठने का वीडियो वायरल
ठठिया संवाददाता। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने 32 वर्षीय महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोपी ने महिला को लात-घूंसों से पीटने के बाद जमीन पर गिरा दिया और उसके ऊपर बैठकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बाल पकड़कर महिला को खेत में घसीटा गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं को भी आरोपी ने धक्का दे दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
कल्याणपुर गांव निवासी जितेंद्र की पत्नी संगीता के अनुसार, चार अक्टूबर को खेत की मेड़ काटने को लेकर गांव के ही देवेश से विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर देवेश ने संगीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने महिला को लात-घूंसों से पीटा और जमीन पर गिराने के बाद उसके ऊपर बैठ गया। इसके बाद बाल पकड़कर उसे खेत में घसीटा गया। महिला को बचाने के लिए आसपास की महिलाएं पहुंचीं तो उन्हें भी धक्का देकर दूर कर दिया गया।
मारपीट में संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के साथ मारपीट और उसे बाल पकड़कर घसीटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़िता के पति जितेंद्र की तहरीर पर ठठिया पुलिस ने आरोपी देवेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
