जलभराव और गंदगी से बहसुइया में मच्छरों का कहर, खबर छपी तो हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग

जलभराव और गंदगी से बहसुइया में मच्छरों का कहर, खबर छपी तो हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग

ठठिया संवाददाता। उमर्दा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बहसुइया में जलभराव और नालियों की समुचित सफाई न होने से बढ़े मच्छरों के प्रकोप को लेकर ग्रामीणों की चिंता आखिरकार सामने आई। गांव में जगह-जगह जमा गंदे पानी और गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों के खतरे की आशंका जताई जा रही थी। कई लोगों के तेज बुखार से पीड़ित होने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई थी।
बहसुइया निवासी नरेंद्र ठाकुर ने समाज कल्याण विभाग मंत्री एवं सदर विधायक असीम अरुण को पत्र भेजकर गांव में फॉगिंग कराने और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि गांव के कई हिस्सों में जलभराव होने के साथ नालियों, गड्ढों और अन्य स्थानों पर पानी जमा है, जिससे मच्छरों के पनपने की स्थिति बनी हुई है।
खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बहसुइया गांव पहुंचकर दवा का छिड़काव कराया। साथ ही ग्रामीणों और मरीजों को आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव पहुंचने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों के साथ मुख्य गलियों और रिहायशी बस्तियों में नियमित फॉगिंग कराई जाए। नालियों, गड्ढों और तालाबों के आसपास एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि मच्छरों के प्रकोप पर प्रभावी ढंग से रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *