आजमगढ़ पुलिस ने 265 गुम मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपे, फरवरी 2024 से अब तक 6,035 मोबाइल बरामद, कीमत करीब 14.37 करोड़ रुपये
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 265 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई गई है।
गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायत धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कराई जाती है। इन शिकायतों के आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी को मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए निर्देशित किया गया था।
शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,398 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 31 लाख 75 हजार रुपये है।
वहीं, फरवरी 2024 से अब तक कुल 6,035 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ 37 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान जारी रखा जा रहा है।
