अतरौलिया के सूखीपुर में बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से अंधेरा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के सूखीपुर गांव में बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और उपखंड कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 50 कनेक्शन हैं, लेकिन विभाग ने 16 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने के बाद वहां महज 10 केवीए की क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगा दिया। ओवरलोडिंग के कारण 14 सितंबर को ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई और वह जल गया। भीषण गर्मी में बिजली न होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
मामले पर उपखंड अधिकारी प्रवीन वर्मा ने बताया कि समस्या संज्ञान में है। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
