अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्य मुठभेड़ में गिरफ्तार, चोरी के जेवरात व नकदी बरामद
आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, बिना नंबर की XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, अहरौला क्षेत्र में 14/15 अगस्त की रात ग्राम पूराचित्तू में दो घरों में छत के रास्ते घुसकर जेवरात और नकदी चोरी की घटनाएं हुई थीं। वहीं तहबरपुर क्षेत्र में 17 और 22 जुलाई की रात ओहनी रामेश्वरपुर तथा रमनीपुर में भी घरों में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
20 अगस्त की सुबह करीब 3:46 बजे अहरौला पुलिस पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तहबरपुर की ओर सर्विस लेन से आ रही सफेद XUV-500 को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इस दौरान करीब छह बदमाश तहबरपुर की ओर भाग निकले।
इसके करीब 43 मिनट बाद, 4:29 बजे, तहबरपुर पुलिस ने चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर दुर्वासा ऋषि आश्रम की ओर से आ रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वाजिद के दाहिने पैर और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलकस पुत्र नफीस उम्र 21 वर्ष , साहिल पुत्र निशाक उम्र 22 वर्ष , वाजिद पुत्र नसीरुद्दीन उम्र 23 वर्ष और फैजान पुत्र फरियाद उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। सभी आरोपी बरेली जनपद के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य हाईवे के आसपास वाहन खड़ा कर नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते प्रवेश करते थे और ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी करते थे। चोरी के बाद वे निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां SUV वाहन चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो और अम्बेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर सहित अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
अहरौला पुलिस ने दो .315 बोर तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस, XUV-500, चार पेचकस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कटर, पांच मोबाइल फोन, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और 29,230 रुपये बरामद किए हैं। तहबरपुर पुलिस ने एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। दोनों थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में अहरौला, तहबरपुर, विशेष चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
