कासगंज-कानपुर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर नवविवाहिता ने दी जान, आधार कार्ड से हुई पहचान
रीना वर्मा
कन्नौज। मानीमऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार दोपहर एक नवविवाहिता ने कासगंज-कानपुर एक्सप्रेस के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन की चपेट में आने से उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए। हादसे के बाद ट्रेन करीब 33 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी।
शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस को मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त गुखरू निवासी अर्चना पुत्री दुलीचंद कश्यप के रूप में हुई। बताया गया कि अर्चना की शादी चार माह पूर्व 10 मई को महावलीपुरवा निवासी विमल के साथ हुई थी। उसका भाई सुदर्शन आलू व्यापारी है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 वर्षीय अर्चना घटना से पहले मानीमऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास हाथ में काले रंग की थैली लिए खड़ी थी। उसने सफेद दुपट्टे से अपना चेहरा ढक रखा था और काली सलवार व सफेद झंपल पहन रखी थी। रेलवे फाटक बंद होने पर वह पश्चिम दिशा की ओर रेलवे लाइन के किनारे गई और कन्नौज से मानीमऊ की ओर आ रही कासगंज-कानपुर एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर लेट गई। ट्रेन चालक के संभलने से पहले ही वह ट्रेन की चपेट में आ गई।
दुर्घटना दोपहर 12:49 बजे हुई। हादसे के बाद ट्रेन 1:22 बजे घटनास्थल से रवाना हुई। सूचना पर मानीमऊ चौकी प्रभारी करनवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
