अतरौलिया में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती पर जुटी भीड़, समाज की एकजुटता पर दिया गया जोर

अतरौलिया में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती पर जुटी भीड़, समाज की एकजुटता पर दिया गया जोर

आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र के डाक बंगला में मंगलवार को भागीदारी पार्टी (पी) की ओर से महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में प्रजापति समाज के लोग, विशेषकर महिलाएं शामिल हुईं। भीड़ अधिक होने के कारण सभागार छोटा पड़ गया और कई लोगों ने बाहर खड़े होकर नेताओं के संबोधन सुने।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के पंचायती राज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भागीदारी पार्टी प्रदेशभर में महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती मना रही है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने महापुरुषों के इतिहास और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रजापति समाज की उपेक्षा की, जबकि अब समाज को उसके गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समारोह में उमड़ी भीड़ को समाज की जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने महाराजा दक्ष प्रजापति को कर्म, सृजन और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि अतरौलिया में लंबे समय बाद प्रजापति समाज का इतना बड़ा सम्मेलन आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करेंगे। साथ ही अतरौलिया में महाराजा दक्ष प्रजापति की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प भी व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की थाने, तहसील और ब्लॉक स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने समाज के हक-अधिकार, पेंशन, आवास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संगठित होकर संघर्ष करने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति, संरक्षक मंत्री हरिवदन प्रजापति, जिलाध्यक्ष रघुनाथ प्रजापति, विजय प्रजापति, सोनू प्रजापति, बृजेश प्रजापति सहित सुभासपा एवं भागीदारी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *