रिलीफ इंडिया क्लब एवं विहिप गोरक्षा विभाग ने तमसा तट पर चलाया वृक्षारोपण अभियान, गौभक्त स्व. वासुदेव पटेल को दी श्रद्धांजलि
आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रिलीफ इंडिया क्लब एवं विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में लगातार दूसरे रविवार को शहर के नरौली पुल के निकट स्थित सुख-शांति धाम परिसर में तमसा नदी के तट पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सैकड़ों पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मिर्ज़ापुर बलवंत यादव, विहिप गोरक्षा विभाग के प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय ‘सोनू’ तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ राम सिंह उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में गोरक्षा विभाग के प्रान्त उपाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, प्रसिद्ध रामकथावाचक अलंकार कौशिक, शिशिर अस्थाना, गौरव रघुवंशी एवं अधिवक्ता मनोज सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ से हुआ। इसके उपरांत विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग के केंद्रीय मंत्री रहे गौभक्त स्वर्गीय वासुदेव पटेल के 23 जुलाई को हुए निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विहिप गोरक्षा विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर गुरुप्रसाद सिंह जी एवं प्रान्त गोरक्षा प्रमुख सतीश राय जी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी पुण्य स्मृति में वृक्षारोपण किया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बलवंत यादव ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का अभिन्न आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय संकट से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
रिलीफ इंडिया क्लब के सचिव राघवेंद्र मिश्रा ‘लड्डू’ ने बताया कि उनकी संस्था एवं विहिप गोरक्षा विभाग पिछले कई वर्षों से संयुक्त रूप से वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। प्रत्येक वर्ष कई चरणों में लगभग एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है।
विहिप गोरक्षा प्रान्तअध्यक्ष राणाप्रताप राय सोनू ने कहा कि यह केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी पर आधारित सतत जनजागरण अभियान है। लक्ष्य पूर्ण होने तक प्रत्येक रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की भी नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ राम सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी मजबूत नींव रखते हैं।
इस अवसर पर संतोष गुप्ता, अभय सिंह, उत्कर्ष सिंह, अंकुर गुप्ता, अनिरुद्ध सिंह, पंकज दुबे, आशुतोष मिश्रा, द्रोणाचार्य उपाध्याय, विभोर अग्रवाल, अम्बुज कुमार, बलराम गुप्ता, अंकित दुबे, विकास साहू, चंदन रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
