आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम अभिलाषन, पोस्ट भुजही की रहने वाली रीना देवी पत्नी राजू ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने देवर और उसके परिवार पर मारपीट, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश तथा छोटी बेटी के साथ गंभीर हिंसा करने का आरोप लगाया है। साथ ही स्थानीय थाना पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है।
रीना देवी के अनुसार, 14 जुलाई की शाम उनके देवर राजकुमार कथित रूप से शराब के नशे में घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उस समय उनकी छोटी बेटी काजल बिस्तर पर सो रही थी, जिसे उठाकर नीचे पटक दिया गया। इस घटना में बच्ची के गले के पास की हड्डी टूट जाने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है।
पीड़िता का आरोप है कि 15 जुलाई की शाम भी राजकुमार शराब के नशे में घर आया और विवाद करने लगा। विरोध करने पर राजकुमार, उसकी पत्नी संजू तथा उनकी बेटियां शीतल और शालू ने मिलकर रीना देवी का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसी दौरान जब उनकी बड़ी बेटी पूजा घटना का वीडियो बनाने लगी तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गई। पीड़िता का कहना है कि इस हमले में परिवार के सभी सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं।
रीना देवी ने बताया कि उनके पति राजू राजस्थान में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर केवल वह और उनकी दो बेटियां ही मौजूद थीं। उनका आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वे जहानागंज थाने पहुंचीं तो उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई, बल्कि उन्हें डांटकर वापस भेज दिया गया।
प्रार्थना पत्र में रीना देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
