निरंतर सफाई अभियान से बदली राजघाट की तस्वीर, ग्राम प्रधान ने की दिखावे की राजनीति से दूर रहने की अपील
आजमगढ़ शहर से सटे ग्राम सभा कोडर अजमतपुर के राजघाट को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए ग्राम प्रधान सुनील कुमार मौर्य के नेतृत्व में कई वर्षों से लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में बिरजू प्रजापति, अनिल कुमार, मनोज कुमार, सुरेश चंद्र वर्मा, विपिन प्रजापति, पवन मद्धेशिया, सुधाकर मौर्या, अवधेश प्रजापति, बूथ अध्यक्ष एवं ग्रामवासी प्रतिदिन श्रमदान कर अपना योगदान दे रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने बताया कि राजघाट पर आने वाले शोकाकुल परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमित साफ-सफाई, पेयजल, कुर्सियां, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पंखे तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही डोम राजा द्वारा किसी प्रकार की मनमानी पर रोक लगाने, अतिक्रमण हटवाने और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी परिवार को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि “प्रयास हमारा, सहयोग आपका” अभियान के तहत प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, पन्नालाल टावर, संकल्प फाउंडेशन और भारत विकास परिषद सहित कई संस्थाओं ने समय-समय पर सहयोग प्रदान किया है।
ग्राम प्रधान ने कहा कि कुछ लोग केवल मेले या डाला छठ जैसे आयोजनों के समय फोटो खिंचवाने के लिए प्रतीकात्मक सफाई अभियान चलाते हैं, जबकि वर्षभर चलने वाले स्वच्छता अभियान में उनका कोई योगदान नहीं रहता। उन्होंने ऐसे लोगों से दिखावे की बजाय नियमित जनसेवा और स्वच्छता अभियान में भागीदारी की अपील की।
उन्होंने ग्रामवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर राजघाट को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श स्थल बनाने में अपना सहयोग दें, ताकि यह स्थान आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए सुविधाजनक और सम्मानजनक बना रहे।
