अब महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में होगा आयोजन,अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया

अब महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में होगा आयोजन,अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया

आजमगढ़ में 13 जून को प्रस्तावित वीवीआईपी आगमन एवं कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कृषि महाविद्यालय कोटवा परिसर में बारिश के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने के चलते कार्यक्रम स्थल को संशोधित कर महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय निर्धारित किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने नए कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन जर्मन हैंगर, जनसभा स्थल, जनसामान्य एवं वीआईपी पार्किंग व्यवस्था, सेफ हाउस, बैठक स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जनसभा स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने बैठक कर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *