आजमगढ़ फरिहा में तीसरे दिन फिर सड़क हादसा, युवक गंभीर
अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से मोहम्मद कैफ घायल, सिर की हड्डी टूटी
आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहा गांव में लगातार तीसरे दिन सड़क हादसे की घटना सामने आई है। सोमवार सुबह फरिहा निवासी मोहम्मद कैफ (24) अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में आजमगढ़ शहर के एक निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद कैफ गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर से अपना काम निपटाकर सुबह करीब 7 बजे फरिहा-मोहम्मदपुर मार्ग स्थित भट्ठे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। घायल कैफ को पहले मोहम्मदपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया। बाद में परिजनों ने आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सीटी स्कैन में सामने आया कि उनके सिर की हड्डी टूट गई है और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सिर में कई जगह खून जम गया है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि फरिहा क्षेत्र में यह लगातार तीसरे दिन सड़क हादसा हुआ है। इससे पहले गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बंकेश मिश्रा (पुत्र सुरेश मिश्रा) की फरिहा चौक पर पिकअप की टक्कर से मौत हो गई थी। वहीं दूसरे दिन फरिहा निवासी मोहम्मद माज़ (पुत्र मोहम्मद परवेज़ अहमद) को फरीदाबाद मोड़ के पास पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी भी मौत हो गई। मोहम्मद माज़ को सोमवार रात सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
इधर, फरिहा पुलिस चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि लखनऊ-बलिया मार्ग और मोहम्मदपुर-निजामाबाद मार्ग पर देर रात तक तेज गति से वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अब हेलमेट न पहनने वाले बाइक सवारों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
