भूमिधरी भूमि पर निर्माण रोकने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़। जनपद के सरायपल्टू गांव, तहसील लालगंज में भूमिधरी जमीन पर मकान निर्माण कर रहे एक व्यक्ति ने दबंगों द्वारा जबरन निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम सरायपल्टू, परगना बेलादौलताबाद, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ निवासी महेश प्रसाद पुत्र स्व. मूलचंद राम ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी भूमिधरी आराजी गाटा संख्या 431क/019, 431ख/019 एवं 432/104 एयर ग्राम सरायपल्टू में स्थित है। उक्त भूमि पर वह अपना मकान निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि गांव के ही संदीप राय पुत्र राम अलम राय तथा संजय राय पुत्र सत्यनारायण राय उर्फ दुर्गा राय, जिन्हें प्रार्थी ने दबंग एवं गोलबंद प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया है, ने जबरदस्ती निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही प्रार्थी एवं उसके परिवार को जान-माल की धमकी भी दी जा रही है।

पीड़ित के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में 23 मई 2025 एवं 05 जून 2025 को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर आदेश पारित होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। अब प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि थाना गम्भीरपुर प्रभारी को निर्देशित किया जाए कि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करें तथा विपक्षीगणों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए मकान निर्माण में डाली जा रही बाधा को तत्काल रोका जाए, ताकि वह अपनी भूमिधरी भूमि पर निर्माण कार्य पूरा कर सके। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित परिवार प्रशासन से शीघ्र न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।
