कोल्हुख़ोर में चकबंदी को लेकर ग्राम चौपाल, अप्रैल से कब्ज़ा परिवर्तन की तैयारी

कोल्हुख़ोर में चकबंदी को लेकर ग्राम चौपाल, अप्रैल से कब्ज़ा परिवर्तन की तैयारी

आज जनपद आज़मगढ़ की सदर तहसील अंतर्गत ग्राम कोल्हुख़ोर में चकबंदी प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चकबंदी अधिकारी विजय सिंह ने की, जिसमें जहानागंज क्षेत्र के प्रतिनिधियों और ग्राम के कृषकों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैठक में पिछले कई वर्षों से लंबित पड़े कब्ज़ा परिवर्तन (कब्ज़ा परवर्तन) के कार्य पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और किसानों के बीच आम सहमति से यह निर्णय लिया गया कि कब्ज़ा परिवर्तन की प्रक्रिया आगामी अप्रैल माह से प्रारंभ की जाएगी।

बैठक के दौरान उपस्थित कृषकों के नवसृजित चकों का परीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिन चकों में त्रुटि या असंतुलन है, उनमें अगले माह सुधार कर दिया जाएगा। यह भी तय किया गया कि सभी चकों तक चकमार्ग (रास्ता) की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। जहां आवश्यकता होगी, वहां ग्रामहित में आपसी सहमति से मुख्य मार्ग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी भी किसान को आवागमन में असुविधा न हो।

गौरतलब है कि इस ग्राम में वर्ष 1992 से चकबंदी प्रक्रिया चल रही है, जो विभिन्न कारणों से लंबित रही। अब प्रशासन की पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि इसी वर्ष नवसृजित चकों पर किसानों को विधिवत कब्ज़ा दिलाकर कब्ज़ा परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।

ग्राम चौपाल शांतिपूर्ण वातावरण में कृषकों के सहयोग से संपन्न हुई। किसानों ने भी प्रशासनिक प्रयासों का स्वागत करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *