पीएम श्री कंपोजिट विद्यालयों में ई सी सी ई एजुकेटर सहायक शिक्षिका पद पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पुरानी भर्ती प्रक्रिया के आधार पर परिणाम घोषित कराने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी शासनादेश संख्या 68-5099/178/2024 (बेसिक शिक्षा) दिनांक 25 जुलाई 2024 के तहत जनपद आजमगढ़ में कुल 325 पदों का आवंटन किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से लगभग 15,000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।
अभ्यर्थियों के अनुसार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा करीब चार महीने पूर्व अभिलेखों का सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) भी करा लिया गया था तथा चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होनी थी। अभ्यर्थी लंबे समय से परिणाम घोषित होने का इंतजार कर रहे थे।

लेकिन आरोप है कि परिणाम जारी करने के बजाय उसे रोक दिया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2026 में जारी नए शासनादेश का हवाला देते हुए पुरानी भर्ती प्रक्रिया का परिणाम रोका जा रहा है, जबकि नई व्यवस्था का पुरानी भर्ती पर कोई प्रभाव नहीं बनता।
अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि—
चयन प्रक्रिया पुराने शासनादेश (2024-25) के अनुसार पूरी की जाए,
मेरिट के आधार पर चयन सूची जारी की जाए,
लंबित परिणाम शीघ्र घोषित किया जाए,
इस मौके पर निगम,प्रिया भारती,गुंजना यादव,प्रीती यादव,पूजा,रुबी यादव,साधना, शर्मिली,सलोनी सिंह,आंचल सोनी,नीलू भारती,निशी राय,सुमन यादव,पुष्पा यादव,रिया सिंह,कविता यादव आदि लोग मौजूद रहे
