ककरघटा में डेंगू-बुखार का कहर, सैकड़ों लोग बीमार गांव की सड़कें और नालियां बनीं गंदे पानी का अड्डा प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर ग्रामीण
रीना वर्मा
कन्नौज। विकास खण्ड उमर्दा की ग्राम पंचायत ककरघटा गांव में डेंगू और बुखार के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। गांव में सैकड़ों लोगों के बीमार होने की बात सामने आई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने गांव में फैली गंदगी और सड़क व नालियों में जमा गंदे पानी को बीमारी फैलने का प्रमुख कारण बताया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई दिनों से जगह-जगह गंदा पानी भरा हुआ है। नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुखरानी (65), संध्या भारती (26), शारदादेवी (55), रमका (65), महेश (42), प्रेमा देवी (40) और अर्चना (35) डेंगू से पीड़ित हैं। इसके अलावा करीब 30 लोग बुखार और टाइफाइड से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
बीमारी फैलने से ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गांव में सफाई, जलनिकासी और मच्छरों से बचाव के इंतजाम नहीं किए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने गांव में तत्काल सफाई अभियान चलाने और स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीमार लोगों की जांच कराने की मांग की है।
चिकित्सा अधिकारी राजन शर्मा ने बताया कि ककरघटा गांव में जांच टीम भेजी जाएगी। टीम द्वारा गांव में बीमार लोगों की जांच कराकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बीमारी की स्थिति का जायजा लेकर जरूरी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
