कचहरी परिसर से बाइक चोरी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित हरिनाथ पुत्र सीताराम, निवासी छिलेपुर थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार वह अपने वाहन संख्या UP 62 AB 0583 से दीवानी न्यायालय में चल रहे एक मुकदमे के सिलसिले में कचहरी आया था। उसने अपनी बाइक जजी मैदान में खड़ी की और तारीख की कार्रवाई के लिए हवाली न्यायालय चला गया।
बताया गया कि दोपहर लगभग 2 बजे तारीख लेने के बाद जब वह वापस जजी मैदान में वाहन लेने पहुंचा तो उसकी बाइक वहां नहीं मिली। उसने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चला।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना उसने रोडवेज पुलिस चौकी पर दी, लेकिन न तो वाहन के संबंध में कोई जानकारी दी गई और न ही उसकी लिखित रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद उसने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा वाहन बरामद कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी परिसर में वाहनों की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
