50 पुड़िया हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, सरायमीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायमीर पुलिस ने एक शातिर तस्कर को 50 पुड़िया 4.80 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक हरिकेश शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीनापारा पुलिया के पास एक युवक अवैध हेरोइन के साथ किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान वीरु सोनकर पुत्र महेन्द्र सोनकर, निवासी पूनापोखर, थाना सरायमीर के रूप में बताई। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 50 पुड़िया अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन 4.80 ग्राम पाया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में चोरी, चोरी की संपत्ति रखने तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश शर्मा, कांस्टेबल संजीव कुमार, आरक्षी संदीप जायसवाल, हरिश राजभर एवं अंकित सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
