‘नई किरण’ प्रोजेक्ट से एक और परिवार में लौटी खुशियां, काउंसलिंग से हुआ समझौता

‘नई किरण’ प्रोजेक्ट से एक और परिवार में लौटी खुशियां, काउंसलिंग से हुआ समझौता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/‘नई किरण’ में आयोजित बैठक में पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में एक और सफलता मिली। काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से एक परिवार का आपसी समझौता कराया गया, जिससे बिखरते रिश्ते को नया सहारा मिला।

परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की बैठक में कुल सात मामलों में दोनों पक्षों को नोटिस और फोन के माध्यम से बुलाया गया था। इनमें छह मामलों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए। विस्तृत काउंसलिंग और समझाइश के बाद एक मामले में पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद समाप्त कर सफलतापूर्वक समझौता कराया गया। शेष मामलों में अगली तिथि पर दोनों पक्षों को फिर से बुलाकर मध्यस्थता की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक के दौरान दहेज प्रताड़ना, घरेलू कलह, मारपीट, पारिवारिक विवाद और वैवाहिक मतभेद से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनते हुए उन्हें आपसी संवाद, सहनशीलता और पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाया गया। सकारात्मक माहौल में हुई काउंसलिंग से परिवारों में आपसी विश्वास और सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, ‘नई किरण’ प्रोजेक्ट का उद्देश्य पारिवारिक विघटन को रोकना, बिखरते रिश्तों को जोड़ना और परिवारों में सौहार्द कायम करना है। यह पहल परिवारों को नई दिशा देने के साथ-साथ पारिवारिक न्यायालयों पर बढ़ते मामलों के बोझ को कम करने में भी सहायक साबित हो रही है।

बैठक में प्रभारी परिवार परामर्श प्रकोष्ठ उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद तिवारी, उपनिरीक्षक सत्यनारायण यादव, आरक्षी जितेन्द्र कुमार शाह तथा आरक्षी सुनील कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *