21 वर्षीय बीए की छात्रा की सर्पदंश से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में बुधवार को एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ घर के अंदर काम कर रही एक 21 वर्षीय युवती की सर्पदंश के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका महिमा स्नातक की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। इस दुखद घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की 21 वर्षीय पुत्री महिमा बुधवार की सुबह करीब 8 बजे अपने घर के भीतर रोज़मर्रा के काम निपटा रही थी। इसी दौरान घर के अंदर छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। महिमा की चीख सुनकर उसकी माता शीला देवी और अन्य परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। बेटी की हालत बिगड़ती देख आनन-फानन में उसे नजदीक ही अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
जहाँ अस्पताल के डॉक्टरों ने महिमा को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। परिजन अंबेडकरनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ उपचार के दौरान देर रात महिमा ने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद घर के भीतर खोजबीन करने पर एक सांप को पकड़ा भी गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिमा को इसी सांप ने काटा था या किसी अन्य जहरीले जीव ने। महिमा अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और पढ़ाई में होनहार थी। वह बी.ए. की पढ़ाई कर रही थी और अपने छोटे भाई-बहनों के लिए एक संबल थी। महिमा की असामयिक मृत्यु से उसके छोटे भाई-बहन—करण, अंतिमा और पवन पूरी तरह टूट चुके हैं। माता शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, और वे बार-बार अपनी बड़ी बेटी को याद कर बेसुध हो जा रही हैं।
इस असमय मौत से पूरे गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
