सुल्तानपुर में छेड़खानी के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, तमंचा और बाइक बरामद
सुल्तानपुर। दो सगी बहनों से छेड़खानी के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद आसिफ को देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गई। यह मुठभेड़ कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अमहट स्थित हवाई पट्टी इलाके में एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ (27) पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी शास्त्री नगर, कोतवाली नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 9 जून को उसने दो सगी बहनों के साथ उस समय छेड़खानी की थी, जब वे सामान लेकर घर लौट रही थीं और इलाके में बिजली गुल थी।
इस संबंध में पहले से ही कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
