गुरसहायगंज उर्स में सपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला, बोले—2027 में जनता बदलेगी सत्ता, अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री

गुरसहायगंज उर्स में सपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला, बोले—2027 में जनता बदलेगी सत्ता, अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री

कन्नौज। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला, 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज स्थित रोशन शाह बाबा के उर्स में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने अखिलेश यादव द्वारा भेजी गई चादर चढ़ाकर कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
श्यामलाल पाल ने कहा कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग ने “महीन तरीके” से काम किया है, जिससे कई मतदाताओं के नाम गलत तरीके से फीड कर दिए गए। इसके चलते अनेक लोग अपने मताधिकार से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा युवाओं और किसानों को छला है। कभी पेपर लीक जैसी घटनाओं के जरिए नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया, तो कभी “आय दोगुनी” जैसे वादों से किसानों को भ्रमित किया गया।
उन्होंने काशी में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना का उल्लेख करते हुए इसे सनातन धर्म और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं।
श्यामलाल पाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोट की ताकत से बदलाव करेगी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सपा बूथ और सेक्टर स्तर पर पूरी तैयारी कर रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *