विश्व पर्यावरण दिवस पर हुनर समर कैंप में पेंटिंग व मेहंदी प्रतियोगिता, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आजमगढ़। हुनर सामाजिक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान, आजमगढ़ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रतिभा निकेतन स्कूल, एटलस पोखरा में संचालित हुनर समर कैंप में “हमारी धरती, हमारा भविष्य” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दो अलग-अलग समूहों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं हाथों की कलाइयों पर पेड़ बचाने की मुहिम को लेकर मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आकर्षक कलाकृतियां बनाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सोच को अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह धरती हमारी है और इसे हरा-भरा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को किसी विशेष अवसर पर अथवा अपने पूर्वजों की स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। यदि हम अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित होगा।
कार्यक्रम में हुनर संस्थान के सचिव एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा, गौरव मौर्य, कमलेश सोनकर, सदानंद शर्मा ‘सनी’, रवि गौड़, राज पासवान, कौशल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
