एयर गन से गोली मारने का आरोप, कार्रवाई में जुटी पुलिस
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थानाक्षेत्र के गोहरपुर से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है जहां पर एक युवक पर एयर गन से गोली मारने का आरोप लगा है। थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक अतरौलिया थानाक्षेत्र के गोरहरपुर गांव निवासिनी राधा देवी पत्नी दिनेश विश्वकर्मा ने गांव के ही अनुज सिंह उर्फ अन्नी सिंह पर अपने पुत्र अंश विश्वकर्मा को एयर गन से गोली मारने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि गोली उसके पुत्र के सीने में लगी है जो अभी भी उसके सीने में ही मौजूद है। थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक बीते 24 मई को शाम 4 से 5 बजे के बीच उसका पुत्र अंश विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष गांव के ही दुर्गविजय सिंह उर्फ पिंटू सिंह के पोखरे पर गया था। वहां पर उसकी अनुज सिंह उर्फ अन्नी सिंह पुत्र अजय प्रताप सिंह, अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोलू पुत्र दुर्गविजय सिंह व निशांत सिंह पुत्र प्रभाकर सिंह से बात हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अनुज सिंह उर्फ अन्नी सिंह ने एयर गन से अंश विश्वकर्मा को गोली मार दी। पीड़िता के मुताबिक जब उन लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो वह लोग अपने पुत्र को जिला अस्पताल आजमगढ़ ले गए जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन अपने पुत्र को लेकर वाराणसी हायर सेंटर पहुंचे जहां से स्थिति ठीक न होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। पीड़िता ने दी गई तहरीर में विपक्षियों पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
