हरदोई में कार से टकराकर पेड़ से भिड़ी स्कूली बस,चालक समेत 9 छात्र-छात्राएं घायल
हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया।यहाँ गलत दिशा से आ रही एक कार ने स्कूली बस में टक्कर मार दी,जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी।हादसे में बस चालक समेत 9 छात्र-छात्राएं घायल हो गए।टक्कर लगते ही बस के भीतर बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
अचानक हुए हादसे से बस में सवार अन्य छात्र-छात्राएं भी सहम गए।सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों में छात्र लविश सिंह, रियांश, आयुष, दिव्या, अयांश, रुद्र सिंह, अंशी यादव, सूर्य कुमार और आयुषी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार गलत दिशा से आ रही थी।टक्कर इतनी तेज थी कि बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों और बस चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया,जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है फरार चालक की तलाश की जा रही है।
