कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट शुरू, करेगी मदर डेरी संचालन
रीना वर्मा
कन्नौज। आखिर पांच सालों के इंतजार के बाद कन्नौज का बंद पड़ा काऊ मिल्क प्लांट शुरु हो गया।
बताते चलें कि, तिर्वा बोला मार्ग पर उमर्दा कस्बे के निकट स्थित काऊ मिल्क प्लांट बंद होने के कारण किसानों और व्यापारियों के सामने कई प्रकार की रोजगारपरक समस्या पैदा हो गई थी।
प्लांट को चालू कराने को लेकर कई बार सपा के लोगों द्वार प्रदर्शन करते हुए प्लांट को शुरू कराने की मांग भी की गई थी।
आखिर मंगलवार को प्लांट शुरू हुआ तो क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
बता दें, कि प्लांट का संचालन मदर डेयरी करेगी। किसानों और पशुपालकों को अब प्लांट से लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
जिले के बढ़नपुर वीरहार गांव में करीब आठ एकड़ में फैला प्लांट शुरू होने से अब पशुपालकों को निजी डेरियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा,और उनको अब दूध के उचित दाम भी मिल सकेंगे।
बताते चलें कि, प्लांट शुरू होने से पूर्व जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने प्लांट का निरीक्षण भी किया और कंट्रोल रूम, मिल्क व घी पैकेजिंग सेक्शन, पनीर सेक्शन, बटर यूनिट का मुआयना किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, प्लांट का संचालन पारदर्शिता और मानक के अनुरूप हो, ताकि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद मिल सकें। उन्होंने बताया कि मदर डेयरी के संचालन से दुग्ध उत्पादकों को बेहतर दाम मिल सकेंगे,इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का साधन भी सुलभ होगा।
कारखाना प्रबंधक मुकेश मिश्रा के मुताबिक मशीनों का वाटर ट्रायल पहले ही किया जा चुका था, अब मिल्क ट्रायल भी सफल रहा। मंगलवार से प्लांट शुरू हो गया है। मौके पर मौजूद प्लांट कर्मियों ने बताया कि, प्लांट शुरू होने से दूध उद्योग को गति मिलने के अलावा जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
