आस-पास बुखार का प्रकोप बढ़ा तो ठठिया पंचायत ने संभाला मोर्चा, गांवभर में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव
ठठिया संवाददाता। आस-पास के ग्रामीण इलाकों में रहस्यमयी और मौसमी बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए ठठिया ग्राम पंचायत प्रशासन अलर्ट हो गया है। बीमारी के फैलाव पर रोक लगाने के लिए पंचायत की ओर से गांव में व्यापक स्वच्छता, फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव का अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को ग्राम पंचायत की टीम ने ठठिया के सभी मजरों और छोटी-छोटी बस्तियों में विशेष अभियान चलाकर मशीन से फॉगिंग कराई। इसके साथ ही मच्छरों के पनपने वाले स्थानों, नालियों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा दवा का सघन छिड़काव किया गया। अभियान के दौरान पंचायत ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी मजरा या गली छिड़काव से अछूती न रहे।
प्रधान प्रतिनिधि सुनीत अग्निहोत्री उर्फ मुखिया ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर मजरों और गलियों में फॉगिंग व दवा छिड़काव का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आसपास की ग्राम पंचायतों में बुखार के मरीज बढ़ने की जानकारी मिलते ही पंचायत स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सफाई, फॉगिंग और दवा छिड़काव का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पंचायत प्रशासन ने ग्रामीणों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर सतर्कता बरतने की अपील की है। पंचायत के इस अभियान से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
