एक्सप्रेस-वे पर भाजपा के पूर्व सांसद की सुरक्षा में तैनात स्कार्ट गाड़ी डिवाइडर से टकराई, एक सिपाही की मौत, दो सुरक्षाकर्मी घायल
कन्नौज। इटावा से कन्नौज आते समय कन्नौज के पूर्व भाजपा सांसद के काफिले की स्कार्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सिपाही के साथ गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल सिपाही और ड्राइवर का उपचार तिर्वा मेडिकल कॉलेज (हॉस्पिटल) में जारी है। यहां पूर्व सांसद के साथ मामले की जानकारी पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस कप्तान विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे।
हादसा मंगलवार की दोपहर दो बजे के करीब लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन 145 के करीब हुआ।
जानकारी के मुताबिक कन्नौज के पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक मंगलवार की दोपहर अपने स्कार्ट के साथ इटावा से कन्नौज वापस लौट रहे थे। दोपहर दो बजे के करीब जैसे ही पूर्व सांसद का काफिला एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर 145 पर पहुंचा, इसी दौरान उनके काफिले की एक स्कार्ट गाड़ी (स्कॉर्पियो) अनियंत्रण के कारण डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद सांसद के काफिले की अन्य गाड़ियों में सवार लोगों में हड़कंप मच गया। पूर्व सांसद सहित काफिले में शामिल सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। सूचना पर स्थानीय पुलिस बल और एक्सप्रेस वे यूपीडा टीम के अलावा एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को हटवाकर किनारे कराया गया था। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे स्कार्ट के लोगों को कड़ी मशक्कत करके बाहर निकालने के बाद उपचार हेतु तिर्वा मेडिकल कॉलेज
(हॉस्पिटल )भेजा गया।
हादसे की खबर पर
जिले के डीएम और पुलिस कप्तान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
यहां एक सिपाही हेड कांस्टेबल फतेहपुर निवासी अभिषेक त्रिपाठी
की मौत की पुष्टि डाक्टरों ने कर दी। जबकि एक अन्य घायल सिपाही एटा जिला निवासी कुंअर पाल और ड्राइवर औरैया जिले के निवासी शरद प्रकाश
का उपचार जारी था।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को कानपुर हायर हॉस्पिटल के लिए मेडिकल कॉलेज से रिफर कर दिया गया था।उपचार के दौरान घायल सिपाही और ड्राइवर की हालत नाजुक बनी हुई थी।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षकर्मियों की मानें तो हादसा पूर्व सांसद की गाड़ी से सौ मीटर दूर पीछे चल रही गाड़ी में हुआ। हादसे के दौरान गाड़ियों की स्पीड 110 कि.मी से अधिक बताई जा रही है, दुर्घटनाग्रस्त वाहन चालक के नियंत्रण खो देने के कारण हादसा घटित होना बताया जा रहा है। गाड़ी के एयरबैग खुलने के बाद भी टक्कर इतनी भीषण थी कि, दुर्घटनाग्रस्त कार के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान हादसे वाली कार में ड्राइवर सहित तीन सिपाही गाड़ी में ही फंस गए थे।
गौरतलब है कि, वर्ष 2019 में भी पूर्व सांसद के परिवार की गाड़ी एक्सप्रेस वे पर ही हादसे का शिकार हो गई थी। हादसे में पूर्व सांसद के पिता और चाचा की मृत्यु हो गई थी। बता दें कि, बीती 3 फरवरी 2019 को पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के पिता ओम प्रकाश पाठक और चाचा महेश चंद्र परिवार के तीन अन्य सदस्यों अशोक कुमार, जय शंकर तिवारी, आभा तिवारी, के साथ दिल्ली से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कन्नौज में एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 192 पर घने कोहरे के कारण उनकी एसयूवी कार सड़क किनारे खड़े डंफर के पिछले हिस्से से टकरा गई थी, इसी दौरान पीछे से आ रही एक बस ने भी कार को टक्कर मार दी थी। हादसे में ओम प्रकाश पाठक और महेश चंद्र की मौत हो गई थी, जबकि अशोक, जयशंकर और आभा घायल हुए थे।
उपरोक्त हादसे की खबर पर जान जिले में हड़कंप मच गया, वहीं जिले के भाजपाई बड़ी संख्या में हादसे का पुरसाहाल लेने हॉस्पिटल पहुंच चुके थे। मामले की जांच पड़ताल पुलिस ने शुरू कर दी थी। मृतक सिपाही के परिजनों का हाल बेहाल था,वहीं परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला भी जारी था।
