महाराजा अग्रसेन और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर सपा कार्यालय में कार्यक्रम
कन्नौज। समाजवादी पार्टी के जिला मुख्यालय में सोमवार को महाराजा अग्रसेन और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई गई। जिलाध्यक्ष कलीम खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आनंद बाबू यादव ने किया।
व्यापार सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समानता पर आधारित आर्थिक नीति को अपनाया था। उन्होंने समाज के कल्याण के लिए अस्पताल, स्कूल, बावड़ियों और धर्मशालाओं का निर्माण कराया। उनके जीवन मूल्य समानता, सहयोग और जनकल्याण की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती केवल स्वतंत्रता सेनानी को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका पर विचार करने का भी दिन है। उनका जीवन बताता है कि छात्र और आम नागरिक भी सार्वजनिक मुद्दों पर अपनी आवाज उठाकर बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रामशंकर लोधी ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने अपने सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार के विरोध, जवाबदेही, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों को महत्व दिया। उनकी संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक है। समाज और संस्थाओं में सुधार के बिना वास्तविक बदलाव संभव नहीं है। उनकी जयंती लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और उनसे सीख लेने का संदेश देती है।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य नेम सिंह यादव, कौसर खान, संजय कटियार, हसीब हसन, अंशू गुप्ता, गिरीश गुप्ता, दिनेश गुप्ता, मनोज अग्रवाल, ऋषभ गुप्ता, भोले कुरैशी, शिवम यादव, मोहम्मद सद्दाम, राजू अली, विवेक पाल, कल्लू पाल और अतुल यादव समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
