नवरात्र पर कन्नौज में आस्था का सैलाब, फूलमती दरबार में उमड़ी भीड़ तो सिपाही ठाकुर में निकली भव्य कलश यात्रा
कन्नौज। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज में मां भगवती की भक्ति का रंग दिखाई दिया। सिद्धपीठ माता फूलमती मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया। मां शैलपुत्री की आराधना के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी एवं माता के सेवक शिखर मिश्रा ने बताया कि इस बार नवरात्र में माता हाथी पर सवार होकर आई हैं। उन्होंने सिद्धपीठ माता फूलमती मंदिर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं को नवरात्र में मां भगवती की आराधना के महत्व से अवगत कराया।
उधर, नगर के मोहल्ला सिपाही ठाकुर में शनिवार को माता रानी के पूजन के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मोहल्ले की मुख्य गली से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया। कलश में आम के पत्ते और नारियल रखे गए थे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मोहल्ला भक्तिमय हो उठा। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिरों और मोहल्लों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
