20 साल से जर्जर खड़ंजे पर चलने को मजबूर ग्रामीण, प्रदर्शन कर जताया विरोध

20 साल से जर्जर खड़ंजे पर चलने को मजबूर ग्रामीण, प्रदर्शन कर जताया विरोध

विधानसभा और पंचायत चुनाव के बहिष्कार की दी चेतावनी, बीमारों को चारपाई से ले जाना पड़ता है गांव के बाहर

बूढ़नपुर (आजमगढ़)। विकासखंड कोयलसा के नगवा गांव में खड़ंजे और जर्जर सड़क का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण कराने की मांग की। उनका आरोप है कि पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से खड़ंजे की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, खड़ंजे की ईंटें उखड़ चुकी हैं और दोनों तरफ गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। गांव में चार पहिया वाहन तक नहीं पहुंच पाते हैं। इससे स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, किसी महिला या पुरुष के बीमार होने पर उसे चारपाई के सहारे गांव के बाहर तक ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी से लेकर खंड विकास अधिकारी तक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि खंड विकास अधिकारी की ओर से मौके पर जांच-पड़ताल भी की गई, इसके बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी विधानसभा और पंचायत चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सागर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में रामनव पांडेय, लालमन पांडेय, त्रिभुवन नाथ पांडेय, उमानाथ पांडेय, आजाद उर्फ गोलू, आत्मा पांडेय, राजू, जोगिंदर पांडेय, रामकृष्ण पांडेय सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *