आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखुपुर में बीती 22 फरवरी 2026 की रात एक व्यक्ति पर घर के बाहर सोते समय चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, शशिकला पत्नी बच्चेलाल निवासी ग्राम शेखुपुर, पोस्ट रसूलपुर, थाना मेंहनगर ने बताया कि 22 फरवरी की रात लगभग 11 बजे उनके पति बच्चेलाल पुत्र श्याम नारायन घर के बाहर सो रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही राजेंद्र, रविंद्र, बाबूलाल पुत्रगण श्याम नारायन तथा किशन पुत्र बाबूलाल वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने बच्चेलाल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायल बच्चेलाल का उपचार वर्तमान में Global Hospital Azamgarh में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि नामजद आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और पूर्व में भी गांव के एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर चुके हैं। उस मामले में वे जेल गए थे और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर बाहर आए हैं। पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी स्वयं को नुकसान पहुंचाकर उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच रहे हैं, जिससे परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में है। घटना के समय घर पर केवल शशिकला और उनकी पुत्री ही मौजूद थीं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा परिवार को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी होने की बात कही जा रही है।
