सेवा संकल्प अभियान के तहत गौशाला में की गई साफ़ सफाई, पशुओं को खिलाया गया गुड़,चना और केला
आजमगढ़। बुढ़नपुर तहसील क्षेत्र के हुसेपुर सनूप स्थित गौशाला में मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव और विकास अधिकारी कोयलसा सागर सिंह पहुंचे। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे गौशाला की साफ़ सफाई की गई। ख़ुद जिलाध्यक्ष, प्रमुख प्रतिनिधि और खंड विकास अधिकारी ने अपने हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की और गोबर तक उठाया। तत्पश्चात गायों को अपने हाथ से उपस्थित लोगों ने गुड़ चना और केला खिलाकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबी आयु की कामना की। कार्यक्रम के दौरान गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था एवं गोवंशों की देखरेख संतोषजनक देखकर जिलाध्यक्ष ने गौसेवकों रविंदर, जग्गन, ओमप्रकाश, अनीता आदि का माला पहनाकर स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।इस दौरान जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा कि गौशाला में साफ-सफाई के साथ ही पशुओं की देखरेख भी बेहतर ढंग से की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलती है। कर्मचारियों की सेवा और लगन सराहनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 23 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गौशाला में आज साफ़ सफाई की गई और गऊ माता को गुड़ चना केला खिलाया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की लंबी आयु के लिए हम सभी लोगों ने आज गऊ माता का आशीर्वाद लिया है। आगे भी अन्य कार्यक्रमों का आयोजन लगातार होता रहेगा। इस मौके पर खण्ड विकास अधिकारी सागर सिंह, ग्राम पंचायत सचिव आलोक सिंह, डॉ. मनोज दुबे, रामशंकर वर्मा, अंकित गुप्ता, सनी सिंह, रिखू पटेल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
