बरदह में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पति गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के
बरदह थाना क्षेत्र के सकरा मऊ गांव में मंगलवार तड़के 25 वर्षीय विवाहिता वर्षा विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे वर्षा विश्वकर्मा का शव घर के बाहर स्थित पशुशाला के टिन शेड वाले कमरे में लोहे की पाइप से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। पति जयहिंद विश्वकर्मा और सास मालती देवी ने रस्सी काटकर उसे उपचार के लिए जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, नायब तहसीलदार अरुण कुमार कोल, बरदह थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, संजय सिंह यादव तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मृतका के पिता रामफेर विश्वकर्मा, निवासी पचेवरा थाना गौरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या की है।
वहीं पति जयहिंद विश्वकर्मा का कहना है कि वह पिछले छह माह से पत्नी के कहने पर हरियाणा से घर आकर रह रहा था। उनके अनुसार तड़के पत्नी घर से बाहर चली गई थी और तलाश करने पर वह कमरे में फंदे से लटकी मिली।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी बरदह चन्द्रदीप कुमार मय हमराह द्वारा आरोपी पति जयहिन्द पुत्र लालता प्रसाद विश्वकर्मा निवासी सकरामऊ, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ को जिवली तिराहे के पास से बुधवार प्रातः 08:30 बजे गिरफ्तार किया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
