एक्सप्रेसवे पर झपकी ने मचाई तबाही, दो कारों की भिड़ंत में तीन घायल
रीना वर्मा
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह नींद की झपकी आने से दो कारों की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की राहत एवं बचाव टीम ने घायलों को उपचार के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के बाद सभी की हालत ठीक बताई गई। हादसे के बाद हाइड्रा की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे थाना क्षेत्र के पिपरौली के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 207+200 पर आगरा से लखनऊ जा रही कार संख्या यूपी 80 एचटी 9695 के चालक अनंत मिश्रा को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार संख्या 26 बीएच 7806 से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आगे चल रही कार डिवाइडर के बीच पलट गई, जबकि पीछे से टकराने वाली कार ओवरटेक लाइन में पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार निखिल, उनकी मां कविता और चालक अनंत मिश्रा घायल हो गए। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद सभी की हालत ठीक बताई। वहीं, राहत एवं बचाव टीम ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
